विधान सभा सचिवालय
मध्यप्रदेश
समाचार
तीन राज्यों के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन कल से भोपाल में
भोपाल। मध्यप्रदेश विधान सभा में युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन 30 और 31 मार्च, 2026 को विधान सभा के विधान परिषद हाल में आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र 6) के तीन राज्यों मध्यप्रदेश के 18, छत्तीसगढ़ के 15 तथा राजस्थान के 22 युवा विधायक सम्मिलित होंगे। 30 मार्च को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं छत्तीसगढ़ विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन के प्रथम दिवस ‘लोकतंत्र और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने हेतु युवा विधायकों की भूमिका’ विषय पर मंथन होगा। प्रथम दिवस माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री विजय मनोहर तिवारी भी युवा विधायकों को संबोधित करेंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन 31 मार्च को ‘विकसित भारत 2047− युवा विधायकों के दायित्व एवं चुनौतियां’ विषय पर मंथन होगा। इस दिन अन्य सत्रों के अलावा एमआईटी पूना के चेयरमैन डॉ. राहुल वी. कराड का संबोधन होगा।
समापन समारोह में राज्य सभा के उप सभापति श्री हरिवंश उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विस/जसं/ 2026
नरेंद्र मिश्रा
अवर सचिव




