विधान सभा सचिवालय
मध्यप्रदेश
समाचार
लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी पर मंथन के लिए जुटेंगे युवा विधायक
दो दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन कल से,
विधान सभा अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
भोपाल दिनांक 29 मार्च, 2026
राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र 6) के तीन राज्यों मध्यप्रदेश,छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान के युवा विधायकों का सम्मेलन 30-31 मार्च 2026 को मध्यप्रदेश विधान सभा में आयोजित किया जा रहा है।
इस संबंध मे विधान सभा अध्यक्ष माननीय श्री नरेंद्र सिंह तोमर जी ने आज कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया तथा कार्यक्रम सफल एवं सुचारु रूप से संपन्न हो इस हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।इस अवसर पर विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे।
आयोजन की तैयारियों के अवलोकन उपरांत विधान सभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना और युवा जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर मंथन करना है। सम्मेलन में लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। मध्यप्रदेश में इस तरह का युवा विधायक सम्मेलन होना गर्व की बात है। सम्मेलन के दौरान कुल पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पहले दिन तीन और दूसरे दिन दो सत्र होंगे। सम्मेलन में 45 वर्ष से कम उम्र वाले मध्यप्रदेश के 37, राजस्थान के 13 और छत्तीसगढ़ के 13 विधायक शामिल होंगे।
गौरतलब है कि सम्मेलन 30 मार्च 2026 को प्रातः 9:30 बजे से प्रारंभ होगा। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन के प्रथम दिवस ‘लोकतंत्र और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने हेतु युवा विधायकों की भूमिका’ विषय पर मंथन होगा। प्रथम दिवस माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री विजय मनोहर तिवारी भी युवा विधायकों को संबोधित करेंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन 31 मार्च को ‘विकसित भारत 2047− युवा विधायकों के दायित्व एवं चुनौतियां’ विषय पर मंथन होगा। इस दिन अन्य सत्रों के अलावा एमआईटी पूना के चेयरमैन डॉ. राहुल वी. कराड का संबोधन होगा।
समापन समारोह में राज्य सभा के उप सभापति श्री हरिवंश उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विस/जस/26
नरेंद्र मिश्रा
अवर सचिव






